मिठौरा। क्षेत्र के ग्राम सभा मधुबनी में रविवार को भारत सरकार की (एमओआरडी) टीम ने हरपाल सिंह के नेतृत्व में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। टीम ने ग्रामीणों से भी बात कही। हरपाल सिंह ने ब्लाॅक कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मजदूरों के लिए तालाब पर पानी व छाया आदि की व्यवस्था रहे। अमृत सरोवर के तहत बन रहे तालाबों पर और अधिक मजदूर लगाकर तेजी से कार्य करें। तालाबों पर मनरेगा के तहत कार्य कराकर पौधरोपण व सुंदरीकरण कराया जाए, साथ ही मनरेगा में कार्य कर रहे मजदूरों को भी सम्मानित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत अमृत सरोवर योजना केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इन सरोवरों को बहुउद्देशीय स्वरूप में बनाया जाना अति आवश्यक है। मानव जीवन का आधार जल है, लेकिन धीरे-धीरे जलस्तर कम होता जा रहा है।
जलस्तर को सामान्य बनाए रखने के लिए तालाबों का जीर्णोद्धार अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत कार्य कराया जा रहा है। मधुबनी के ग्रामीणों ने भारत सरकार की केंद्रीय टीम से तालाब के चारों तरफ सोलर पैनल और ग्रामसभा में हर साल तालाब के किनारे होने वाले रामलीला के लिए एक मंच बनाने की मांग की। इस अवसर पर एपीओ अंकित श्रीवास्तव, ग्राम सचिव संतोष गुप्ता, ग्राम प्रधान पिंटू गुप्ता, टीए चंद्र शेखर मौजूद रहे।