नौतनवा। सोनौली कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव फरेंदी तिवारी में मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूक किया। क्षेत्राधिकारी नौतनवा अंकुर गौतम के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने साइबर अपराध पर जानकारी देते हुए बताया कि जालसाज कॉल करके बहकावे में लेकर डिजिटल अरेस्ट कर लेते हैं। कभी भी अनजान नंबर पर ओटीपी न बताएं, अविश्वसनीय वेबसाइटों से बचें। यदि कोई संदिग्ध दिखता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस दौरान साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु पंफलेट वितरित किए गए। साथ ही, बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और चेकिंग की गई।