नौतनवा। क्षेत्र के ग्राम सभा मुड़ेहरा, नईकोट की देवरानी और जेठानी तीन महिलाएं अपनी ही भूमि पर कब्जा पाने को दर-दर की ठोकरें खा रही हैं, लेकिन इनकी सुनने वाला कोई नहीं है। थक-हारकर तीनों महिलाएं शनिवार को नौतनवा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर अपने विरोधियों और स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन पर तमाम आरोप लगाते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
शिकायतकर्ता विमला, सोनी और मैना ने बताया कि वह लोग आपस में देवरानी और जेठानी हैं। तीनों ने एक साथ क्षेत्र के बरवा खुर्द में एक वर्ष पूर्व करीब आठ डिसमिल भूमि क्रय किया था। जिसपर उनका कब्जा भी था। आरोप है कि तहसील प्रशासन एवं नौतनवा पुलिस द्वारा उनके विरोधियों के इशारे पर जबरन तीनों का उक्त भूमि से कब्जा हटवा दिया गया और विरोध करने पर उल्टे उन्हें ही प्रताड़ित किया जा रहा है। महिलाओं ने जिलाधिकारी से न्याय की मांग की है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने एसडीएम नौतनवा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।