निचलौल-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दमकी गांव के सामने हुआ हादसा
चेन में फंसने से खींच गया दुपट्टा, सड़क पर गिर गए बाइक सवार दंपती और बेटा
निचलौल। निचलौल-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (730) पर दमकी गांव के सामने शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक पर सवार महिला का दुपट्टा अचानक बाइक की चेन में फंसा गया। इसके बाद महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। राहगीरों की मदद से उसे एंबुलेंस से सीएचसी निचलौल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के बड़ेयपुरवा गांव निवासी मेहताब अपनी पत्नी रीता देवी (45) और बेटे अमन के साथ बाइक से इलाज के लिए गोरखपुर गए थे। बताया गया कि दवा लेकर वापस लौटते समय निचलौल-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर दमकी गांव स्थित भारत गैस एजेंसी के पास अचानक रीता देवी का दुपट्टा बाइक की चेन में फंस गया।
दुपट्टा खिंचने से बाइक अनियंत्रित हो गई और मेहताब, रीता देवी व अमन सड़क पर गिर गए। हादसे में रीता देवी का दुपट्टा गले में बुरी तरह फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल एंबुलेंस से सीएचसी निचलौल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।