फरेंदा। गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर स्थित कैंपियरगंज जंगल के मरचाहे बाबा की कुटी के पास शुक्रवार की सुबह करीब 5:50 बजे घर से टहलने निकली महिला को डंपर ने रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग जाम कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लोगों को किसी तरह से मनाया। करीब दो घंटे बाद जाम ग्रामीणों ने जाम खत्म कर दिया। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के लोहरपुरवा टोला मोहलीपुरवा निवासी नीमा देवी (45) सुबह घर से फरेंदा कैंपियरगंज जंगल की तरफ टहलने निकली थी। लौटते समय मरचाहे बाबा कुटी के पास राजमार्ग के निर्माण में लगी कंपनी की डंपर ने महिला को कुचल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने डंपर को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मरचाहे बाबा कुटी के पास गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग जाम कर दिया। उग्र ग्रामीणों ने पीएनसी के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना फरेंदा और कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के सीमा पर होने के कारण दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। थानाध्यक्ष फरेंदा प्रशांत पाठक के अनुसार, मामले में पुलिस विधिक कार्रवाई की गई है। कैंपियरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।