शनिवार की बताई जा रही घटना, मामले की जांच में जुटी पुलिस
ठूठीबारी। बरगदवा थाना क्षेत्र के खैरटवां गांव में कुछ लोगों ने जमीनी विवाद को लेकर एक महिला की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
बरगदवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा शिशगढ़ टोला खैरटवां निवासी पीड़िता द्रौपती ने थानाध्यक्ष बरगदवा को तहरीर देकर बताया कि मेरे ससुर ने जमीनी विवाद को लेकर आइजीआएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। 21 मार्च को पुलिस द्वारा की गई जांच के बाद विपक्षी गोलबंद होकर गाली देने लगे। जब द्रौपती ने विरोध किया तो आरोपियों ने घर में घुसकर उस पर लाठी-डंडे व हंसिया से हमला कर दिया। उसे गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने गले से मंगलसूत्र और कान की बाली छीन ली। इस संबंध में नौतनवां सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि पीड़िता द्रौपती की तहरीर पर रमेश मिश्रा, निर्भय मिश्रा, गोरख मिश्रा, केशव मिश्रा, रीता देवा व सपना पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।