निचलौल। स्थानीय थाना क्षेत्र की ग्रामसभा गिरहिया में दो पक्षों के बीच मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, गिरहिया के बरगद टोला निवासी शकुंतला देवी ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि सोमवार शाम करीब सात बजे गांव के कपिलदेव, गुड्डू, शंभू और श्रवण एकजुट होकर रामनगर ढेसो निवासी कमलेश पुत्र सीताराम की पिटाई कर रहे थे। आरोप है कि जब वह बीच-बचाव करने वह पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। उनके शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। वहीं थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।