परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही परिवार के लोगों पर गाली-गलौज, लाठी-डंडे से मारपीट करने, मोबाइल तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता नीशू के अनुसार, 16 दिसंबर को सुबह करीब 9 बजे पारिवारिक विवाद को लेकर रोहन शर्मा और उसकी पत्नी प्रियंका ने पहले भद्दी-भद्दी गालियां दीं और फिर लाठी-डंडा व लात-घूंसे से हमला कर दिया। मारपीट में पीड़िता को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान पीड़िता का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।