जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सौरहा, टोला पिपरहना में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक महिला पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
घटना 21 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। फुलवासी ने बताया कि परिवार में अभी तक जमीन का बंटवारा नहीं हुआ है और खलिहान में पटीदार शंभू ने ईंट रखी थी। फुलवासी ने शंभू से ईंट हटाने का अनुरोध किया ताकि वह वहां मिट्टी डलवा सके। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शंभू, उसकी पत्नी धर्मी और पुत्र हरेंद्र ने फुलवासी को गालियां देते हुए लाठी से हमला कर दिया। फुलवासी का आरोप है कि मारपीट में उसका सिर फट गया और वह बेहोश हो गई। शोर सुनकर बचाने पहुंची उसकी बेटी को भी आरोपियों ने मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
घायल फुलवासी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी शम्भू, धर्मी, हरेन्दर निवासी सौरहा, टोला पिपरहना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।