चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के दरहटा गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक महिला और उसके दो बेटों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरहटा गांव निवासी शुभवती देवी ने बताया कि 24 जून की रात करीब 7:30 बजे उनके पटीदार राकेश प्रजापति, कृष्णा, जयप्रकाश तथा नीतीश जमीन संबंधी विवाद को लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि सभी एकराय होकर गालियां देने लगे। जब सुभावती देवी ने विरोध किया तो आरोपी आक्रोशित हो गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में सुभावती देवी को गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके दोनों बेटे महेंद्र और रामू को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे। घटना के दौरान शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो सभी आरोपित धमकी देते हुए वहां से भाग गए। थानाध्यक्ष चौक मनीष पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी राकेश प्रजापति, कृष्णा, जयप्रकाश व नीतीश निवासी दरहटा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही।