टीम ने महलगंज बंधे से आरोपियों को पकड़ा
महराजगंज। थाना कोतवाली पुलिस, स्वाट और एसओजी टीम ने 69.90 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। महिला गोरखपुर और पुरुष महराजगंज का निवासी है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम शुक्रवार को 12:25 बजे त्रिमुहानी घाट से पहले महलगंज बंधे पर गश्त कर रही थी। तभी एक महिला और पुरुष आते हुए दिखे। रोककर उनसे पूछताछ की तो वे घबरा गए। तलाशी लेने पर उनके पास से अलग-अलग पाउच में 41.20 ग्राम और 28.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई। उनकी पहचान करन मणि त्रिपाठी (26 वर्ष), निवासी लोहिया नगर, थाना कोतवाली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार महिला की पहचान मनीषा निषाद 28 वर्ष, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, चकला अउवर, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।