महराजगंज। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के आठवें संस्करण का प्रसारण 15 जनवरी के बाद होना है। इस बार कार्यक्रम में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शामिल कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षकों को मैदान में उतार दिया गया है। कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आनलाइन पंजीकरण कराया जा रहा है, जो 14 जनवरी तक पोर्टल के जरिये कराया जा रहा है।
पहली जनवरी से शुरू पंजीकरण में महराजगंज ने मंडल की बाजी मौजूदा वक्त तक जीत ली है। महज चार दिन में जिले से 3470 विद्यार्थियों ने सहभागिता के लिए पंजीकरण कराया है। 3156 पंजीकरण के साथ गोरखपुर दूसरे स्थान पर है। 3 हजार पंजीकरण के साथ देवरिया तीसरे स्थान पर तो 2600 पंजीकरण के साथ कुशीनगर अंतिम पायदान पर है।
प्रधानमंत्री की तरफ से किया जाने वाला परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कार्यक्रम के जरिये बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा परीक्षार्थियों को मिलती है जिससे इसकी लोकप्रियता विद्यार्थियों में खूब है। जनपद में इस बार 72 हजार से अधिक परीक्षार्थी यूपी बोर्ड और तीन हजार सीबीएसई बोर्ड में शामिल हो रहे हैं। अधिक से अधिक बच्चे इस कार्यक्रम का लाभ प्राप्त करें इसके लिए जिले में डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने ब्लाकवार नोडल घोषित किए हैं।
एक साथ हर ब्लॉक में शिक्षकों की मेहनत का परिणाम भी दिख रहा है और पंजीकरण का आंकड़ा मंडल में सर्वाधिक है। निर्धारित 14 जनवरी तक 20 हजार तक पंजीकरण पहुंचने की उम्मीद विभाग को है। शामिल होने वाले विद्यार्थियों को पीपीसी किट और सहभागिता प्रमाणपत्र विभाग की ओर से मिलेगा। इस घोषणा से विद्यार्थियों का रुझान और बढ़ गया है।
ऐसे कर सकते हैं पंजीकरण
परीक्षा में शामिल होने के लिए इनोवेटइंडिया1 डाट माई जीओवी पर जाकर पोर्टल पर अपना ब्योरा दर्ज करना होगा। पांच प्रश्न पूछे जाएंगे, चार विकल्प दिए जाएंगे। सही उत्तर का चयन कर सबमिट करना होगा। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 500 शब्द में विद्यार्थी परीक्षा से जुड़े प्रश्न को लिखकर सबमिट करना होगा उम्दा प्रश्न का जवाब प्रसारण में प्रधानमंत्री दे सकते हैं।
परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में विद्यार्थियों की काफी रुचि दिख रही है। महज 4 दिन में 3470 पंजीकरण हुआ है। गोरखपुर में 3156, देवरिया में 3040 और कुशीनगर में अबतक 2600 पंजीकरण हुए हैं। इस लिहाज से जनपद अभी तक आगे है।
अनमोल यादव, प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर काॅलेज सिंहपुर व जनपदीय नोडल