सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के हरपुर पकड़ी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरपुर पकड़ी निवासी गौतम पाल ने न्यायालय में दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि उनकी शादी पांच फरवरी 2026 को थाना सिंदुरिया अंतर्गत ग्राम पतरेंगवा निवासिनी गुड़िया पाल से हुई थी। शादी के बाद से ही वह मुझे व मेरे परिवार को प्रताड़ित करने लगी।
इस दौरान वह गर्भवती होने पर गर्भपात कराने के लिए दबाव बनाने लगी। बाद में उसने अपना गर्भपात भी करा लिया। इसका विरोध करने पर ससुराल पक्ष के कई लोगों ने 29 मई को दरवाजे पर आकर उससे मार-पीट की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने अपशब्दों का प्रयोग कर उसको धमकी भी दी।
इस संदर्भ में एसओ अखिलेश वर्मा ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी गुड़िया पाल, प्रकाश, गायत्री, ललिता, राजदेव और वंदना के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।