गांव के ही युवक से था युवती का प्रेम संबंध, शादी से मुकरने का लगाया आरोप
मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों से कर रही है पूछताछ, देर रात तक युवक के घर पर थी युवती
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और वहीं रहने की जिद पर अड़ गई। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराने में जुट गई। बातचीत बेनतीजा रही और पुलिस ने युवती को उसके घर भेज दिया।
बताया जा रहा है कि युवती और उसी गांव के रहने वाले युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए लेकिन अब वह और उसका परिवार शादी से पीछे हट रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था।
शुक्रवार दोपहर युवती सीधे प्रेमी के घर पहुंची और शादी होने तक वहीं रहने की बात कहने लगी। युवक के परिजन ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। स्थिति बिगड़ती देख युवक की मां ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। काफी देर तक समझाने-बुझाने की कवायद होती रही। इस दौरान गांव में लोगों की भीड़ लगी रही।
मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर दी जाती है तो जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।