जिलाधिकारी ने 107 क्रय केंद्र खोलने का किया अनुमोदन
महराजगंज। न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत जिले में किसानों से गेहूं की खरीद 1 मार्च से शुरू की जाएगी। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने इसके लिए पूरे जिले में 107 गेहूं क्रय केंद्र का अनुमोदन किया है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी विवेक सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अनुमोदित केंद्रों में खाद्य विभाग के 30, पीसीएफ के 33, पीसीयू के 29 व यूपीएसएस के 15 गेहूं क्रय केंद्र हैं। शासन ने न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत 2,585 रुपये प्रति कुंतल गेहूं का समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। गेहूं बेचने के लिए किसानों का पंजीकरण शुरू हो चुका है। किसान खाद्य तथा रसद विभाग के पोर्टल https://fcs.up.gov.in अथवा यूपी किसान मित्र एप के माध्यम से गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के समय किसानों को बोए गए गेहूं के रकबे का विवरण पोर्टल पर दर्ज करना होगा। साथ ही सक्रिय मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के जरिए अपना पंजीकरण लॉक करना होगा। समर्थन मूल्य का भुगतान तत्काल पाने के लिए किसानों से बैंक खाते को अनिवार्य रूप से आधार से लिंक कराकर एनपीसीआई से मैप कराने की अपील की गई है।