सिंदुरिया। सिंदुरिया-झंझनपुर मार्ग पर सिंदुरिया चौराहे से करीब 200 मीटर पश्चिम गल्ले की दुकान के सामने सड़क पर भारी जलभराव है। सड़क पर जमा गंदा पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। खासकर स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। जिसको लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
गांव के शिवसरन गुप्ता, शिवेंद्र मोदनवाल, हरिशंकर ने कहा कि सड़क का बड़ा हिस्सा पानी में डूबा है, जबकि किनारे की मिट्टी भी कीचड़ में तब्दील हो गई है। जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। वहीं रमेश, राजेश, खुशबुद्दीन, हरेंद्र, हरिकेश, सुभाष जायसवाल, सुधाकर यादव ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन करेंगे।