महराजगंज/सोनौली। नेपाल काठमांडो मार्ग नवलपरासी जिले के दाऊने में बीते 10 दिनों बंद था। अब एकतरफ से संचालन शुरू हो गया है।
पानी कम होने के बाद महेंद्र हाईवे के किनारे डुमकीबास में बिनयी नदी पर डायवर्जन बनाया गया है। इससे हाईवे को एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया है। 10 दिन पहले बाढ़ में डायवर्जन बह गया था।
जिला पुलिस सूचना अधिकारी डीएसपी मधु नेपाल ने बताया कि बुधवार शाम 5:30 बजे से ही वहां यातायात संचालित हो रहा है। बिनयी नदी पर डायवर्जन बनाए गए हैं। पहले बनाए गए नौ डायवर्जन बाढ़ में बह गए थे। डायवर्जन बनने के बाद गैंडाकोट से डुमकीबास क्षेत्र तक 60 किलोमीटर क्षेत्र में रुके ट्रकों और लंबे वाहनों को गंतव्य तक भेजना आसान हो गया है।
शाम 7 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे तक वहां वाहनों को चलने की अनुमति नहीं है। बिनयी नदी पर बना लोहे का पुल ढह जाने के बाद, यातायात को वहां से डायवर्ट कर दिया गया है। हालांकि, बाढ़ के साथ डायवर्जन के बह जाने का खतरा अभी भी बना हुआ है। पानी के बंद होने से यातायात का संचालन शुरू हुआ है।