महराजगंज। कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को जिले के विभिन्न बूथों पर सकुशल मतदान संपन्न हो गया। सिर्फ सेमरहना व भगवानपुर बूथ पर विरोध की बात सामने आई, लेकिन वहां भी शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न करा लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मियों ने अपना दायित्व बखूबी निभाया जिसके कारण कहीं से भी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।
सातवें व अंतिम चरण का मतदान संपन्न कराने के लिए बूथों पर 12 हजार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। 17 कंपनी सीपीएमएफ तथा चार कंपनी पीएससी के जवान भी मुस्तैद थे। चार सीओ को भी ड्यूटी में लगाया गया था। निर्धारित बूथों पर जवान एक दिन पहले ही पहुंच गये थे जो सुबह होते ही व्यवस्था में जुट गये। मोबाइल फोन किसी को भी कर्मियों ने भीतर नहीं ले जाने दिया जिसके कारण कई स्थान पर लोग सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी नहीं ले सके। बूथ के भीतर जाने वाले कर्मियों की तलाशी सबसे पहले सुबह साढे छह बजे के आसपास सुरक्षा कर्मियों ने ली।
इसके बाद मतदान के लिए आने वाले हर मतदाता की तलाशी के बाद भीतर जाने दिया गया। जिन मतदाताओं के पास मोबाइल मिला उन्हें किसी परिचित को मोबाइल मतदान करने से पहले सौंपने का निर्देश दिया। कुछ स्थानों पर मतदाताओं के मोबाइल फोन सुरक्षा कर्मियों ने अपने पास भी जमा कर रखा था जिन्हें मतदान कर लौटने के बाद फोन सौंप दिया गया। पुरुष व महिला मतदाताओं की लाइन के आस पास भी सुरक्षा के दृष्टिकोण व केंद्र के भीतर क्रमश: लोग जाएं इसके लिए सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहे। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न करा दिया गया।