‘लोकतंत्र की मजबूती के लिए करें मतदान’
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा (महराजगंज)। लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए डीएम अमरनाथ उपाध्याय व पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह साजवान ने वनटांगिया गांव भारीवैसी में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। सिमें डीएम ने लोगों को मतदान में भागीदारी लेने की अपील की और मताधिकार के प्रयोग की शपथ भी दिलाई। डीएम ने मथुरानगर व नाथ नगर विद्यालय पर पहुंच कर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया।
डीएम ने कहा कि चुनाव में मताधिकार के प्रयोग के प्रति सभी को जागरूक होना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। लोगों से उन्होंने कहा कि आपके एक वोट से देश की तकदीर व तस्वीर बदलेगी। 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी युवा, दिव्यांगजन अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं और चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करें। डीएम ने कहा स्वतंत्र होकर जाति, धर्म से ऊपर उठकर मतदान करें। पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह साजवान ने कहा पिछले चुनाव की तुलना में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी को जागरूक होना होगा। किसी भी प्रकार के अफवाह व प्रलोभन में न लोग न आएं। किसी भी प्रकार की समस्या हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। ताकि मदद की जा सके। कार्यक्रम का संचालन जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने किया। इस दौरान तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता, एडीओ पंचायत गुलाब पाठक, कन्हैया प्रसाद, नन्हे पटेल, सिब्बन, किशोर, सीताराम, रामानंद शर्मा, मनोज सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।