भिटौली (महराजगंज)। विकासखंड सिसवा के लक्ष्मीपुर एकड़ंगा में तीन दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन सोमवार की देर रात हो गया। जहां फाइनल मुकाबले का खेल बेहद शानदार रहा। फाइनल मुकाबला कैंपियरगंज और बस्ती की टीम के बीच खेला गया। प्रतियोगिता के फाइनल में दोनों टीमों के कड़े मुकाबले में बस्ती ने 25 पॉइंट्स एवं कैंपियरगंज ने 21 पॉइंट बनाए। इस प्रकार बस्ती ने कैंपियरगंज को 4 पॉइंट से हराकर फाइनल मुकाबला अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता में गोरखपुर एवं बस्ती मंडल की कुल 32 टीमों ने प्रतिभाग किया। खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुशीनगर, बस्ती, देवीपुर और कैंपियरगंज की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहला सेमीफाइनल मुकाबला कुशीनगर और बस्ती के बीच खेला गया, जिसमें बस्ती की टीम ने कुशीनगर को हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली।
दूसरा सेमीफाइनल कैंपियरगंज और देवीपुर के बीच खेला गया, जिसमें कैंपियरगंज ने जीत दर्जकर फाइनल मुकाबला खेला। अंत में फाइनल मुकाबला कैंपियरगंज और बस्ती के बीच खेला गया। इसमें बस्ती की टीम विजेता बनी। कार्यक्रम का शुभारंभ सपा नेता बिंद्रेश कनौजिया ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
विजेता टीम को ग्राम प्रधान अमेरिका प्रसाद ने खिलाड़ियों को शील्ड एवं मेडल पहनाकर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजक मंडल के मनीष चौरसिया, सुजीत यादव, राजन कनौजिया, चंदन चौरसिया एवं विश्वास शर्मा मौजूद रहे।