महराजगंज। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत स्कूली छात्रों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ अब रोजगारपरक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रोजेक्ट प्रवीण योजना के तहत 17 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का चयन किया गया है।
यहां कक्षा 9 और 11वीं के छात्र-छात्राओं को बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विस एंड इंश्योरेंस और हेल्थकेयर ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, शैक्षिक सत्र 2025-26 से शुरू हो रहे प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत प्रत्येक चयनित विद्यालय से 126 विद्यार्थियों को चुना गया है। इन छात्रों को विद्यालय परिसर में ही प्रतिदिन 90 मिनट तक प्रशिक्षण मिलेगा।
योजना के तहत राजकीय हायर सेकेंडरी रामपुर चकिया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, बसंतपुर खुर्द, सोनबरसा, सेमरा चंदौली, झुलनीपुर, मेदनीपुर, भगवानपुर, बैजनाथपुर, अराजी जगपुर, सोहवल, विशुनपुर नौतनवा, बरवा राजा, परासखाड़ और ऊंटी खास का चयन किया गया है।