विश्वकर्मा पूजा आज : 400 लाभार्थियों में टूलकिट का होगा वितरण
महराजगंज। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत शुक्रवार को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर पांच ट्रेड में चयनित 400 लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान किया जाएगा। टूलकिट पाकर जहां लाभार्थी अपने व्यवसाय को गति देंगे। वहीं, जीवन स्तर को सुधारने के साथ आत्मनिर्भर भी बन सकेंगे।
उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत जिले में बढ़ई ट्रेड के 200 लाभार्थियों तथा लोहार, नाई, सिलाई व मोची ट्रेड में प्रशिक्षण लेने वाले 50-50 लोगों को लंबे समय से टूलकिट का इंतजार था। शासन ने टूलकिट उपलब्ध कराते हुए विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर टूलकिट प्रदान किए जाने की योजना बनाई है। ऐसे में शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र के पास स्थित एक अतिथि भवन में कार्यक्रम आयोजित कर लाभार्थियों में टूलकिट वितरित किए जाने का कार्य होगा। टूलकिट प्राप्त कर लाभार्थी जहां स्वयं की आय को बढ़ाने का कार्य कर सकेंगे, वहीं स्वरोजगार से जुड़ने के लिए दूसरे लाभार्थियों को भी प्रेरित कर सकेंगे। सभी टूलकिट प्राप्त भी हो गए हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अतिथि के तौर पर जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार मौजूद रहेंगे।