महराजगंज। ग्राम पंचायत बागापार के टोला बहेरवा से राघव नदाव नाले तक क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण की मांग पर सोमवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि बागापार के टोला बहेरवा से बगीचे तक पहले पक्की सड़क बनी थी, लेकिन बगीचे से नाले तक के हिस्से पर बरसात में जलभराव हो जाता है, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इससे परासखांड़, बड़हरा राजा, डिहुलिया, शोखपुरवा, परसिया, नाथनगर, पंडितपुर, जोगा टोला सहित दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट जाता है। ग्रामीण उमेश चंद मिश्र ने कहा कि इस मार्ग से हजारों लोग प्रतिदिन जिला मुख्यालय व अन्य स्थानों के लिए आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण एंबुलेंस और पुलिस की 112 सेवा समय पर नहीं पहुंच पाती, जिससे आपात स्थिति में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर-1076 पर शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ने आख्या में कहा कि ग्राम पंचायत से एक किमी सीसी रोड निर्माण संभव नहीं है, इसे किसी अन्य कार्यदायी संस्था से कराया जा सकता है। ज्ञापन सौंपने वालों में जाहिद अली, सुरेंद्र वर्मा, गुलाब, प्रेमसागर, सुदर्शन, अब्बास, नासिर अली, इंद्रजीत वर्मा, प्रिंस आदि माैजूद रहे।