निचलौल की ग्राम सभा ढेशो में प्रधान पर मनमानी का आरोप
80 फीसदी आबादी की सुविधा के लिए दूसरे टोले में अन्नपूर्णा भवन बनवाने की मांग
महराजगंज। निचलौल विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा ढेशो में प्रस्तावित अन्नपूर्णा भवन के निर्माण स्थल को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रस्तावित भवन को मुख्य आबादी वाले हडहवा टोला में बनवाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने खुली बैठक में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं की और ग्रामवासियों की सहमति भी नहीं ली। इसके अलावा कूटरचित तरीके से प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दिया है तथा अनियमित ढंग से धनराशि स्वीकृत कराने की कोशिश कर रहा है।
साथ ही ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर अन्नपूर्णा भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है वह रामनगर टोला है। इस क्षेत्र में ग्राम प्रधान के समर्थक और लगभग 20 प्रतिशत आबादी निवास करती है। यह टोला मुख्य ग्राम सभा से करीब तीन किलोमीटर दूर है। ऐसे में भवन निर्माण होने पर अधिकांश ग्रामीणों को राशन प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीण रामेश्वर साहनी ने बताया कि ग्राम सभा ढेशो में पांच प्रमुख टोले हैं, जिनमें ढेशो खास, ढेशो हडहवा, ढेशो चौराहा, मोहम्मद टोला और रामनगर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों से हडहवा टोला में ही सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान संचालित होती रही है। हडहवा टोला ग्राम सभा का केंद्रीय स्थान है। यहां लगभग 80 प्रतिशत आबादी निवास करती है।
प्रदर्शन में गांव के फातेहुसेन, इसराइल अंसारी, इन्द्रदेव, रामजीत, मुबारक, घुरहू, रोशन, कमरुद्दीन, सर्वजीत, राजेंद्र, चम्मा देवी, मैना देवी, सुखराजी, अनारकली, भागमानी देवी और लल्लन आदि सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।
खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। जनहित और ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व में भेजे गए प्रस्ताव को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ग्रामीणों की मांग और जनसंख्या के आधार पर गांव के उस टोले में अन्नपूर्णा भवन निर्माण की तैयारी की जा रही है, जहां लगभग 80 प्रतिशत आबादी निवास करती है।