लक्ष्मीपुर। विकासखंड लक्ष्मीपुर की ग्राम पंचायत बेलवा बुजुर्ग में संचालित मनरेगा कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए एक ग्रामीण ने मुख्यमंत्री से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम निवासी नरेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में चल रहे मनरेगा कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि 10 जून को कार्यस्थल पर करीब 20 मजदूर ही कार्य कर रहे थे, जबकि हाजिरी रजिस्टर में इससे अधिक श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। शिकायत के आधार पर 11 जून को ब्लॉक स्तर से जांच कराई गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान मौके पर मौजूद श्रमिकों की संख्या और दर्ज हाजिरी में अंतर पाया गया। साथ ही कुछ वृद्ध पेंशनधारकों एवं नाबालिग बच्चों के कार्य करने तथा अनुपस्थित लोगों के नाम पर भी हाजिरी दर्ज होने की बात कही गई है। नरेंद्र प्रताप सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने तथा सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी लक्ष्मीपुर मृत्युंजय यादव ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।