नारायन टोला के गांव के पूरब स्थित खेल मैदान पर चल रहा निर्माण
खुशहालनगर। मेदिनीपुर ग्राम सभा के नारायन टोला गांव के खेल मैदान पर शिक्षा विभाग की ओर से कब्जा कर सरकारी विद्यालय का बाउंड्री बनवाए जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायती पत्र देकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।
विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह उर्फ बबुना बाबू ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में लिखा है कि ग्राम सभा की जमीन आराजी न 2355 पर खेल मैदान है। इसके बगल में ही सरकारी विद्यालय है। विद्यालय की जमीन पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा बाउंड्री का निर्माण करवाया जा रहा है। बाउंड्री बनवाए जाने से युवकों को खेलने-कूदने में परेशानी होगी। उन्होंने बताया कि तीन हजार की आबादी वाले इस टोले के ग्रामीणों के लिए वहीं एक खेल मैदान हैं। मैदान पर वार्षिक मेला, कुश्ती व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम कराया जाता है। निर्माण कार्य पूरा हो जाने पर सब अवरुद्ध हो जाएगा।