वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, जंगल में अकेले न जाने की अपील
रविवार को निचलौल वन क्षेत्र की उत्तरी बीट में भी दिखा था जंगली भैंसा
महराजगंज। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के ग्राम लालपुर के सिवान में बृहस्पतिवार को एक जंगली भैंसा (गौर) दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। खेतों में काम कर रहे लोगों ने विशालकाय वन्यजीव को देखकर तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से गौर को जंगल की ओर वापस भेजने का प्रयास किया। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की सुबह निचलौल वन क्षेत्र की दक्षिणी बीट स्थित लालपुर सिवान में जंगली भैंसा दिखाई देने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई ग्रामीणों ने एहतियातन खेतों और सिवान की ओर जाना कम कर दिया है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।
ग्रामीण बीरबल, अवधेश यादव, लालमती देवी, सोनकेशा देवी, लल्लन यादव, हरिनारायण, सुग्रीव चौधरी आदि लोगों ने अपने खेतों में काम करने के दौरान जंगली भैंसा को देखा। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से वह काम छोड़ कर घर लौट गए।
गौरतलब है कि बीते रविवार को निचलौल वन क्षेत्र की उत्तरी बीट में मवेशी चरा रहे पशुपालकों ने पहली बार गौर को देखा था। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण के बाद उसकी पहचान गौर के रूप में की। तब से वन विभाग लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है ताकि वह आबादी वाले क्षेत्रों की ओर न बढ़े।
वन क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार राव ने बताया कि गौर अभी भी निचलौल वन क्षेत्र में ही विचरण कर रहा है। उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने तथा किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि विभागीय टीम पूरी तरह सतर्क है।