पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
- आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय निर्दोषों को परेशान करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। थाना क्षेत्र के एक गांव के ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ थाने का घेराव किया। क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय को एक शिकायती पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस दोषियों के कार्रवाई के खिलाफ निर्दोषों को परेशान कर रही है।
प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में विगत पांच माह पहले एक किशोरी के साथ चार आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। जिस मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर सोमवार शाम को चारों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ली। आरोप है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय पीड़िता को न्याय दिलाने में मदद करने वाले दो युवकों को देर शाम को गिरफ्तार कर थाने की लॉकअप में बंद कर दी। उसके बाद पुलिस अन्य ग्रामीणों को धमकी देने लगी कि आरोपियों को जल्द हाजिर कराओ नहीं तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेज देंगे। क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने कहा कि आवश्यक कार्य में कार्यालय से बाहर हूं। संबंधित थाने से जानकारी ली गई है। वहां पर कोई व्यक्ति नहीं है। फिलहाल सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में कुछ लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों के आरोप बेबुनियाद हैं। पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है।