बागापार। बागापार-समरधीरा मार्ग पर स्थित लखनपुर मोड़ पर बना पुल कई साल से क्षतिग्रस्त है। ग्रामीणों ने कई बार ज्ञापन दिया, लेकिन प्रशासन ने सुधि नहीं ली। शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फुट पड़ा। विश्वनाथ यादव के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे जितेंद्र आर्य, विद्यासागर यादव, धर्मेंद्र गुप्ता, बारूदी वर्मा, कैलाश तिवारी, नाथू, रमेश तिवारी, सर्वेश कुमार, नियाजुद्दीन, लव कुमार, आशिक अली, महेंद्र यादव, जगदीश जायसवाल, पवन सोनी ने बताया कि यह मार्ग सिंदुरिया से रानीपुर तक सैकड़ों गांवों को जोड़ती है। एक वर्ष पूर्व इस सड़क का चौड़ीकरण तो हो गया, लेकिन कटहरा माइनर पर बनाया यह पुल अभी भी क्षतिग्रस्त है। पुल की रेलिंग भी टूटी है, जिसके कारण राहगीर नहर में गिरकर चोटिल हो जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस पुल से बरईठवा, पिपरा, कोदईपुर, विजयपुर, परासखाड़, बरगदवा राजा, बेलवाकाजी, नाथनगर, केवलापुर खुर्द, सलामतगढ़ सहित कई दर्जन गांव के हजारों राहगीर एवं स्कूली बच्चों का आवागमन लगा रहता है। जब कोई बड़ी गाड़ी इस रास्ते से गुजरती है तो आवागमन ठप हो जाता है। कभी-कभी भारी मालवाहक वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं तो पुलिया के समीप बसे लोगों में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है कि कहीं कोई गाड़ी पलट गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र इस पुल का मरम्मत नहीं किया गया तो शीघ्र ही जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।