परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरपाती में सोमवार की रात आई बरात में मारपीट हो गई। ग्रामीणों ने बीच-बचाव करने आए दुल्हन के भाई को मार पीटकर घायल कर दिया। मंगलवार को दुल्हन पक्ष के लोगों ने गांव के ही कुछ युवकों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव से श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के पिपरपाती निवासी राजेंद्र सिंह के घर बरात आई थी। गांव के बाहर आंगनबाड़ी केंद्र के पास बरातियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। उसी जगह बरातियों की गाड़ियां भी खड़ी थीं। बराती जलपान कर रहे थे कि इसी दौरान गांव के ही दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने बरातियों कि एक गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी।
बरातियों ने इसकी शिकायत दुल्हन पक्ष के लोगों से की तो दुल्हन का भाई घटनास्थल पर पहुंचा तो गांव के युवकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। ग्रामीणों के समझाने बुझाने पर सोमवार की रात किसी तरह विवाह का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। मंगलवार को दुल्हन पक्ष की तरफ से बरात में उत्पात मचाने वाले युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संवाद