चक्का जाम कर हंगामा करते ग्रामीण काे समझाने का प्रयास करते एसडीएम नवीन प्रसाद।
नौतनवां। नगर के जयहिंद चौराहा के निकट स्थित सहकारी क्रय-विक्रय समिति पर खाद लेने पहुंचे ग्रामीणों ने शुक्रवार को जमकर बवाल काटा। गोरखपुर-नौतनवा मुख्य मार्ग पर जाम कर हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम नवीन प्रसाद, तहसीलदार कर्ण सिंह एवं चौकी प्रभारी छोटेलाल मौके पर पहुंचे और आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया।
जानकारी के मुताबिक, सहकारी क्रय-विक्रय समिति पर करीब 250 बोरी खाद आई थी। उसके वितरण का दिन अभी निर्धारित नहीं हुआ था। इसी बीच किसी ने शुक्रवार को खाद बांटे जाने की अफवाह फैला दी। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोगों का हुजूम खाद खरीद के लिए समिति पर उमड़ पड़ा। यहां खाद वितरण न होने की सूचना मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए और आवेश में आकर गोरखपुर-नौतनवा मुख्य मार्ग पर खड़े होकर चक्का जाम कर दिया।
एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि किसी ने खाद वितरण की फर्जी सूचना फैला दी थी, जिसके कारण लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। काश्तकारों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। आगामी सोमवार को मजिस्ट्रेट एवं पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण कराया जाएगा।