ठूठीबारी। फर्जी तरीके से गोंड़ जाति का प्रमाण पत्र बनवाकर लाभ लेने के मामले में वांछित वारंटी को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा लोहरौली निवासी कमलेश गोंड़ ने फर्जी तरीके से गोंड़ जाति का प्रमाण पत्र बनवा ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़ा था। वह चुनाव जीत कर लगभग साढ़े तीन साल तक ग्राम प्रधान पद पर बना रहा। इसी दौरान किसी ने प्रशासन को बताया कि फर्जी जाति प्रमाणपत्र लगाकर ग्राम प्रधान कमलेश गोंड़ ग्राम प्रधानी कर रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ग्राम प्रधान कमलेश गोंड़ के जाति प्रमाण पत्र की जांच कराया तो जाति प्रमाण पत्र फर्जी साबित हुआ। इसके बाद मामले की जांच की गई तो कमलेश गोंड़ को प्रधानी से हाथ धोना पड़ा। वहीं पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था।
मामले में जारी वारंट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रधान पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया ग्राम प्रधान पुत्र संजीत गोंड़ के खिलाफ वारंट जारी था। वहीं ग्राम प्रधान कमलेश चार जून से जेल में है।