अड्डा बाजार। विकास खंड नौतनवा अंतर्गत सीमा से सटे गांव चंडीथान में शनिवार को दोपहर बाद मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें विशेष रूप से लखपति दीदी योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, महिला सशक्तिकरण, पोषण अभियान और स्वच्छता अभियान पर चर्चा की गई। पांच पात्र लोगों को शौचालय स्वीकृति पत्र और पांच लोगों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
अधिकारियों ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं को बताया गया कि समूहों के माध्यम से वे सिलाई, कढ़ाई, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन और अन्य छोटे रोजगार से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकती हैं। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, अधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई किया गया। गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य जांच और सुरक्षित प्रसव से जुड़ी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें पौष्टिक आहार और नियमित जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सशस्त्र सीमा बल 66वीं वाहिनी के सेनानायक जगदीश प्रसाद धाबाई, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, नौतनवा खंड विकास अधिकारी अमित मिश्र, सहायक विकास अधिकारी रामकृष्ण, ग्राम प्रधान लकीचंद मौर्य, पंचायत सचिव पंकज मणि मौजूद रहे।