वायरल वीडियो में कथित खिलाड़ी बैडमिंटन कोर्ट में खेलने के एवज में 500 रुपये मांगने का लगा रहे हैं आरोप
जिलाधिकारी ने तीन सदस्यों की जांच टीम गठित की
महराजगंज। छत्रपति शाहूजी महाराज स्टेडियम से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग खुद को खिलाड़ी बताते हुए क्रीड़ा अधिकारी पर धन वसूली का आरोप लगा रहे हैं। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने मामले का संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यों की जांच टीम का गठन कर दिया है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
धनेवा स्थित जिला स्टेडियम से जुड़े वायरल वीडियो में कुछ लोगों ने खुद को स्टेडियम खिलाड़ी बताते हुए क्रीड़ा अधिकारी पर 500 रुपये शुल्क वसूली का आरोप लगाया है। हालांकि जिस बैडमिंटन कोर्ट में खेलने के एवज में धन वसूली का आरोप लगाया गया है वह अभी तक क्रीड़ा विभाग को हैंडओवर ही नहीं किया जा सका है। जबकि डीएम संतोष कुमार शर्मा दो बार बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को हैंडओवर करने के लिए निर्देशित कर चुके हैं।
3.75 करोड़ रुपये की लागत से बैडमिंटन कोर्ट के उच्चीकरण काम दो वर्ष से यूपीसिडको के जिम्मे है। वायरल वीडियो में खिलाड़ी बता रहे हैं कि क्यूआर कोड के जरिये खेलने के एवज में धनराशि मांगी जा रही है। हालांकि स्टेडियम के कोच आसिफ एकबाल, अबू फजल और धर्मेन्द्र के मुताबिक आरोप लगाने वाले स्टेडियम के पंजीकृत खिलाड़ी नहीं हैं। यह लोग देर रात स्टेडियम में खेलने की कोशिश कर रहे थे। मना करने पर इस तरह के आरोप लगाकर वीडियो वायरल कर रहे हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी ने बताया कि इन आरोपों में कोई सत्यता नहीं है। स्टेडियम में खेलकूद की अनुमति युवाओं के लिए है। आरोप लगाने वाले रात के 10 बजे खेलने आते थे। उन्हें जब रोका गया तो अनर्गल आरोप लगाकर छवि धूमिल कर रहे हैं। इनमें कुछ आरोपी वह हैं जो खेलो इंडिया जूनियर कुश्ती प्रशिक्षण के लिए अधिक उम्र वालों को प्रशिक्षण दिलाने का दबाव डाल रहे थे। जांच टीम में एडीएम प्रेम शंकर पांडेय, डीडीओ भोलानाथ कन्नौजिया और जीजीआईसी प्रधानाचार्य अनामिका पांडेय शामिल हैं।
वर्जन
मामला संज्ञान में है। एडीएम प्रेम शंकर पांडेय, डीडीओ भोलानाथ कन्नौजिया व जीजीआईसी प्रधानाचार्य अनामिका पांडेय को जांच का दायित्व सौंपा गया है। रिपोर्ट के अनुरूप अग्रिम कार्यवाई तय की जाएगी।
- संतोष कुमार शर्मा, डीएम, महराजगंज।