महराजगंज। इंटरनेट मीडिया पर एक स्कूल का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो राजकीय इंटर काॅलेज पनियरा का है, जिसमें स्कूल के एक प्रवक्ता व लिपिक के शामिल होने की चर्चा है। वीडियो देखकर जनपद के शिक्षकों में इसकी चर्चा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो ठंड का लग रहा है, जिसमें एक व्यक्ति मफलर बांधे हुए है तो दूसरा बिना मफलर के खड़ा है। जहां यह गतिविधि चल रही वह किसी कार्यालय या स्टोर रूम का लग रहा है। जिसके स्लैब पर शराब की बाटल से शराब ढालने के बाद पानी मिलाया जा रहा है।
स्कूल में इस तरह की गतिविधि पर शिक्षक इस चर्चा में मशगूल दिखे कि यह गतिविधि स्कूल में करना विद्या के मंदिर का अपमान है। इस कृत्य में शामिल लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि वह हाईकोर्ट एक विभागीय मुकदमे के सिलसिले में आए हैं। मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी, जिसकी रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।