जिले में 41,085 चार पहिया व 3,11,814 बाइक पंजीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। फिटनेस न कराने वाले वाहन चालकों को एआरटीओ ने चेतावनी दी है। जुलाई से अनफिट वाहन सड़क पर चलते मिले तो कार्रवाई की जाएगी। जिले में कुल 3,52,905 वाहन पंजीकृत हैं, इसमें 41,085 चार पहिया व 3,11,814 बाइक पंजीकृत हैं।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी आरसी भारतीय ने बताया कि अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) उत्तर प्रदेश द्वारा अनफिट व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ सघन प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों में बहुत ऐसे व्यावसायिक वाहन अभी भी अनफिट चल रहे हैं, जो सड़क सुरक्षा के साथ ही वाहन स्वामी के लिए भी बड़ा खतरा है।
उन्होंने बताया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुसार यदि फिटनेस रहित अथवा बीमा रहित वाहन से कोई दुर्घटना होती है तो दुर्घटना एवं पीड़ित की समस्त जिम्मेदारी अनफिट वाहन के स्वामी की होगी। बार-बार नोटिस भेजने के बाद भी बहुत से व्यावसायिक वाहनों के स्वामियों ने अपने वाहनों को मानक के अनुरूप ठीक करवाकर फिटनेस नहीं करवाया है, जो सड़क सुरक्षा एवं लोगों की सुरक्षा के प्रति खतरनाक लापरवाही का सूचक है।
उन्होंने बताया कि 30 जून तक सभी व्यावसायिक अनफिट वाहनों के सारे प्रपत्र जैसे प्रदूषण प्रमाणपत्र, बीमा प्रमाणपत्र, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट, फिटनेस की रसीद को साथ निर्धारित स्लॉट तिथि पर कार्यालय पहुंच कर फिटनेस करवा लें अन्यथा की स्थिति में एक जुलाई को सभी अनफिट व्यावसायिक वाहनों का पंजीयन निलंबित कर दिया जाएगा। अगर अनफिट वाहन 1 जुलाई से संचालित मिले तो थानों में निरुद्ध कर दिए जाएंगे। ऐसे निलंबित वाहनों का पंजीयन निलंबित की अवधि के तीन माह बाद निरस्त कर दिया जाएगा।