नौतनवा। स्थानीय कस्बे से होकर गुजर रहे नौतनवा-ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर ही प्रतिदिन सब्जी की दुकानें सज रही हैं। इस वजह से राहगीरों को कई तरह की परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है, वहीं संज्ञान में होने और शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
सभासद प्रतिनिधि राहुल दुबे, नागरिक गौरी शंकर जायसवाल, मदन लाल वर्मा, मुकेश मद्धेशिया, मनदीप अग्रहरि, विशाल गौतम, नंदलाल पासवान, राहुल यादव और राज मद्धेशिया का कहना है कि कस्बा स्थित नवीन मंडी के बाहर भोर में चार बजे से सुबह के 10 बजे तक नौतनवा-ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर ही व्यापारी दुकानें लगाकर सब्जी का कारोबार करते हैं।
मार्ग के दोनों तरफ खरीदारों का हुजूम उमड़ने से जाम लग जाता है। सभासद प्रतिनिधि राहुल दुबे ने बताया कि मुख्य मार्ग पर ही सब्जी का कारोबार होने व इससे उत्पन्न होने वाले जाम को लेकर मंडी समिति एवं पुलिस प्रशासन से कई बार शिकायत की गई लेकिन संबंधित जिम्मेदारों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इस बाबत सीओ बसंत सिंह ने बताया कि मुख्य मार्ग पर सब्जी की दुकानें नहीं लगने दी जाएगी। मंडी समिति के जिम्मेदारों से वार्ता कर जल्द ही कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा, जिससे कि आवागमन का मार्ग प्रभावित न हो।