रायपुर गांव में वैक्सीन न लगने से नाराज लोगों ने की सड़क जाम किया।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
टीका नहीं लगने पर सड़क जाम किया, वैक्सीन नहीं लगने से परेशान रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में कोरोनारोधी टीका लगने के दौरान लोगों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को टीका नहीं लगने से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वहीं कुछ स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिक भीड़ होने की वजह से कई लोग बिना टीका लगवाएं ही वापस चले गए। जिले में 7,272 लोगों को टीका लगाया गया।
महिला अस्पताल में टीका लगवाने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। ज्यादा भीड़ होने के कारण करीब 10 लोग बिना टीका लगवाए ही चले गए। वहीं पंजीकरण के दौरान स्लॉट खाली नहीं मिलने से लोगों को परेशानी हुई। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि पंजीकृत लोगों को टीका लगाया जा रहा है।
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के रायपुर गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को कोविड-19 टीकाकरण शिविर का आयोजन किया था। जिस दौरान हुए हंगामे के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम कुछ लोगों को टीका लगाने के बाद वापस अस्पताल लौट गई। जिससे नाराज ग्रामीणों ने कांग्रेस नेता राजू कुमार गुप्ता के नेतृत्व में निचलौल-सिसवां मार्ग को जाम कर नारेबाजी करने लगे। वही वरिष्ठ लोगों के समझाने बुझाने के घंटों बाद ग्रामीण किसी तरह सड़क से हटे। किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजू कुमार गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों का टीकाकरण करने के लिए गांव पर शिविर लगाई थी। जिस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने कुछ लोगों को टीकाकरण करने के बाद वापस अस्पताल लौट गए। वही घंटों से कतार में खड़े लोग टीकाकरण के लिए इधर-उधर भटकते रहे। इस दौरान ध्रुव शर्मा, चंद्रिका, सुभाष शाकिबुन निशा आदि मौजूद रहे। इस संबंध में उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सड़क जाम की जानकारी नहीं है।
कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला
महराजगंज। जिले में कोरोना का कोई केस शनिवार को नहीं मिला। अब तक कुल केस 12378 हैं। जिसमें सक्रिय केस 6 हैं। 136 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। अब तक 12235 लोगों ने कोरोना से जंग जीत चुके हैं। यह जानकारी उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने दी। उन्होंने बताया कि कोरोना से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। संवाद