सर्जन छुट्टी पर, नहीं बन रहे प्रमाणपत्र
महराजगंज। इन दिनों लोगों को स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाने में परेशानी हो रही है। क्योंकि पैनल में शामिल सर्जन 20 अगस्त तक छुट्टी पर हैं। जिला अस्पताल के अलावा सीएमओ कार्यालय में भी फिटनेस नहीं बन पा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती नहीं है। जिला अस्पताल में एक सर्जन की तैनाती है। उन्हीं के सहारे जिला अस्पताल से फिटनेस प्रमाणपत्र व सीएमओ कार्यालय में दिव्यांग बोर्ड के माध्यम से दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। इसके अलावा सीएमओ ने परतावल सीएचसी के सर्जन डॉ. चंद्रभूषण शुक्ला की प्रमाणपत्र जारी करने के लिए तैनाती की थी, लेकिन वह त्यागपत्र देकर चले गए हैं। इससे जिले में स्वस्थता व दिव्यांग प्रमाणपत्र के अलावा अन्य सेवा के लिए परेशानी हो रही है। लोग सीएमओ कार्यालय और जिला अस्पताल का चक्कर लगा रहे हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके राय ने बताया कि जिला अस्पताल में सर्जन विभूति शुक्ला की तैनाती है, लेकिन वह 20 अगस्त तक अवकाश हैं। इससे प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि सर्जन न होने से जिले में फिटनेस और दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी करने में परेशानी हो रही हैै। उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी गई है। जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा।
‘कई बार चक्कर लगाने के बाद भी नहीं बन पा रहा प्रमाणपत्र‘’
घुघली से सीएमओ कार्यालय पर फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने आए सोनू ने बताया कि तीन बार जिला अस्पताल आ चुके हैं, लेकिन काम नहीं हुआ। मंगलवार को सीएमओ कार्यालय भेजा गया है। यहां लिपिक ने बताया कि अर्थो व सर्जन नहीं होने के कारण प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहा है।
सेमरा राजा गांव से आए जितेंद्र को स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाना था। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में गए तो वहां भी प्रमाणपत्र नहीं बना पाया। बाबू ने बताया डॉक्टर नहीं है।
फरेंदा से दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए सीएमओ कार्यालय आए चुन्नीलाल ने बताया कि 20 दिन से सीएमओ कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहा है।
घुघली से आए शांतनू को भी स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाना था। डॉक्टर न होने के कारण प्रमाणपत्र नहीं बन पाया। जिला अस्पताल में भी कई बार गए, लेकिन वहां से भी वापस कर दिया गया।