बीडीसी सदस्य के पति के अपहरण पर हंगामा
नौतनवां(महराजगंज)। स्थानीय थाने पर शनिवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी का माहौल हो गया, जब एक बीडीसी सदस्य के पति के अपहरण की बात को लेकर सपा और भाजपा के नेता आमने-सामने हो गए। जमकर बहस छिड़ गई। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस एवं कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।
महिला बीडीसी सदस्य गीता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद बताया। महिला ने बताया कि उसके पति सुरेश नेपाल रिश्तेदारी में गए हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें बुला लिया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय के अनुसार नौतनवां ब्लॉक के रामनगर क्षेत्र की बीडीसी सदस्य गीता के पति सुरेश की अपहरण जैसी बात सामने आने पर तत्काल महिला के घर पुलिस भेजकर सभी पक्षों को थाने पर बुलवाया गया। पूछताछ के दौरान महिला ने लिखित रूप से आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि पति सुरेश नेपाल में किसी रिश्तेदार के यहां गए हैं।