यूपी बोर्ड ः नकल के आरोप में पांच परीक्षार्थी रस्टिकेट
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिंदी और इंटरमीडिएट की संगीत गायन की परीक्षा हुई। प्रशासन की सख्ती की चलते हाईस्कूल हिंदी के 5513 विद्यार्थियों में परीक्षा छोड़ दी। इंटरमीडिएट में संगीत गायन की परीक्षा के लिए एक विद्यार्थी पंजीकृत था, वह भी परीक्षा देने नहीं आया। परीक्षा के दौरान नकल के आरोप में हाईस्कूल के पांच विद्यार्थी रस्टिकेट कर दिए गए।
बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 103 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के अलावा सचल दस्ते भी बनाए गए हैं। डीआईओएस अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा के लिए 46867 विद्यार्थी थे। इनमें से 41354 ने परीक्षा दी। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा के दौरान जिन विद्यालयों में नकल के आरोप में विद्यार्थी रस्टीकेट किए गए, उनमें सेठ त्रिलोकीराम कन्या इंटर कॉलेज धानी, नेता सुभाष चंद्र बोस सैनिक कृषि इंटर कॉलेज मौलागंज, शिवनारायण सिंह उच्चतर माध्यमिक सबया ढाला और जनता इंटर कॉलेज शामिल हैं। उधर, एसडीएम सदर ज्ञानेश्वर प्रसाद और सीओ सदर एमपी सिंह ने कोटा मुकुंदपुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जांच की। यहां केंद्र व्यवस्थापक को विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान सीओ ने केंद्र के आसपास खुली दुकानों को परीक्षा के दौरान बंद करा दिया। रतनपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के विशंभर नाथ जनता इंटर कॉलेज में हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा के लिए 627 विद्यार्थी पंजीकृत थे, इनमें से 536 ने परीक्षा दी और 91 अनुपस्थित रहे। अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़े जाने पर केंद्र व्यवस्थापक राजेश्वर सिंह ने हाई स्कूल की एक छात्रा को रस्टिकेट कर दिया। अड्डा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार प्रधानाचार्य दयानंद सिंह ने बताया कि महात्मा बुद्ध इंटरमीडिएट कॉलेज बुद्ध नगर में प्रथम पाली हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा के लिए 475 विद्यार्थी पंजीकृत थे, इनमें से 9 लोग अनुपस्थिति रहे।