महराजगंज। सोमवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महराजगंज स्थित अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन में आमजन से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, राशन, पेंशन, राजस्व एवं स्वास्थ्य से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं, जिन पर मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया। जनता दर्शन के दौरान मंत्री पंकज चौधरी ने स्वयं अपने से संबंधित वोटर रजिस्ट्रेशन फॉर्म को भरकर एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा शुरू किया गया एसआईआर अभियान मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और विश्वसनीय बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है।