जनसुनवाई करते केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री।
महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को कैंप कार्यालय पर जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया। शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व से जुड़ी समस्याएं उठाईं। कई लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, वृद्धा पेंशन, शौचालय निर्माण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में आ रही परेशानियों को भी साझा किया। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से तुरंत संवाद कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के बाद पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक सक्रियता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं और योजनाओं की जानकारी रखने की सलाह दी। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, हर घर नल योजना और सड़क विकास जैसी योजनाओं के लाभों को रेखांकित किया।