नवजात शिशुओं के इलाज का लिया जायजा
महराजगंज। यूनिसेफ की दो सदस्यीय टीम ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में गर्भवती के प्रसव से लेकर नवजातों के उपचार तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्यकर्मियों को जरूरी सुझाव दिए।
जानकारी के अनुसार, यूनिसेफ टीम के डॉ. श्रीनिवास के नेतृत्व में टीम सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंची। सीएमएस कक्ष में अधिकारियों और चिकित्सकों से गर्भवती महिलाओं के प्रसव, प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की देखभाल तथा नवजातों के उपचार की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद एसएनसीयू वार्ड में पहुंची। यहां भर्ती सभी नवजातों के स्वास्थ्य की स्थिति और उन्हें होने वाली बीमारियों के बारे में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश रमन और डॉ. शारिक नवाज से जानकारी ली।
टीम ने चिकित्सकों से नवजातों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार और देखभाल की जानकारी लेते हुए बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। इसके बाद यूनिसेफ टीम जिला महिला अस्पताल के लेबर रूम में पहुंची और वहां प्रसव से जुड़ी सुविधाओं का निरीक्षण किया। स्टाफ नर्सों को गर्भवती महिलाओं को समय से भर्ती करने, सुरक्षित प्रसव कराने तथा प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की उचित देखभाल के संबंध में जानकारी दी गई।
इस दौरान सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी, डॉ. एवी त्रिपाठी, डॉ. राकेश रमन, एएनएस लालजी त्रिपाठी, अस्पताल सहायक मैनेजर मिथिलेस समेत कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।