ग्रामीणों ने परसामलिक थाने को लिखित शिकायत सौंपा
परसामलिक। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जिगिना में एक भैंसे को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से पीट-पीटकर मार डालने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसका शव लापता करने का मामला सामने आया है।
पीड़ित ग्रामीण श्रीराम के साथ दर्जनों ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से परसामलिक पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के जिगिना में ग्रामीणों ने मन्नत पूरी होने पर करीब 10 वर्ष पूर्व ग्राम सभा के लिए एक भैंसा छोड़ा था। आरोप है कि बीते 12 अगस्त को जब भैंसा करैला घाट की तरफ गया तभी गांव के करीब 10 नामजद और 10 अन्य अज्ञात लोगों ने लाठी, डंडा, फरसा और भाला लेकर उसे नदी में चारों तरफ से घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले के बाद से ही भैंसे का कोई पता नहीं चल सका है।
ग्रामीणों ने शिकायती पत्र में साफ तौर पर आशंका जताई है कि आरोपियों ने बेजुबान जानवर को जान से मारकर साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसके शव को लापता कर दिया है। मामले में रामलखन, राजेंद्र, ओम प्रकाश, प्रमोद और देवशरण सहित दर्जनों अन्य ग्रामीणों ने गवाही देते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।