सिसवां बाजार के व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को एसपी से मिला। कहा कि प्रेम चित्र मंदिर के मालिक से बीते दिनों हुई मारपीट व लूट की घटना में पुलिस चौकी इंचार्ज मुकदमा दर्ज नहीं कर रहा है। बल्कि पीड़ित व्यापारी पर सुलह समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इससे व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों ने एसपी से चौकीइंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रमोद जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायती पत्र सौंपाष सिसवां चौकी पुलिस के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रेम चित्र मन्दिर के मालिक विशाल सिंघानियां के साथ बीते दिनों हुए मारपीट और लूट के मामले में मुकदमा दर्ज करने के बजाय पुलिस उल्टे व्यापारी पर सुलह समझौते का दबाव बना रही है। ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। अन्यथा व्यापारी आंदोलन को बाध्य होंगे।
इस दौरान विकास सिंघानिया, तेजप्रताप मद्धेशिया, राजन विश्वकर्मा, रितेश वर्मा, उमेश पुरी, अनूप जायसवाल, जितेंद्र वर्मा, सौरभ खेतान, राजन चौधरी, उमेश जायसवाल, दिनेश अग्रवाल और प्रमोद मद्धेशिया आदि मौजूद रहे।