महराजगंज। जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन भगवान भरोसे चल रही है। यहां मरीजों की जांच के लिए लगने वाले उपकरण ठीक ढंग से कार्य नहीं कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इसको लेकर गंभीर नहीं हैं।
इसके अलावा बीते दो दिन से अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो रही है, जिससे मरीजों को वापस लौटना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल की डिजिटल एक्सरे मशीन बीते एक सप्ताह से खराब चल रही है। किसी तरह से यहां के कर्मचारी काम चला रहे हैं, जिससे मरीजों को वापस न जाना पड़े। बाल बक्खी मशीन ऊपर नीचे नहीं हो रही है। वहीं बड़ी मशीन का बेड फ्री हो गया है, जिससे मरीजों को मशीन पर लिटाने के बाद टेबल को पकड़ना पड़ रहा है। इसके बाद ही डिजिटल एक्सरे हो पा रही है।
इस अनुभाग में लगा अल्ट्रासाउंड मशीन बीते दो दिनों से नहीं चल रही है, क्योंकि यहां के चिकित्सक छुट्टी पर हैं। बताया जा रहा है कि यहां रोजाना अल्ट्रासाउंड के लिए 50 से अधिक मरीज आते हैं, लेकिन चिकित्सक के न होने के कारण वापस जाना पड़ता है।
अपनी पत्नी को महिला अस्पताल में दिखाने पहुंचे पनियरा के रमेश ने बताया कि डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड लिखा था। जिला अस्पताल में आए तो यहां के कर्मचारी ने बताया कि बीते दो दिनों से डॉक्टर साहब छुट्टी पर हैं।
बाहर से ज्यादा रुपये देकर अल्ट्रासाउंड जांच कराना पड़ेगा। मजबूरी में बाहर से अल्ट्रासाउंड कराना पड़ेगा।