शनिवार देर रात का मामला, इमिग्रेशन जांच हो चुकी थी पूर्ण
वीजा, पासपोर्ट व अन्य प्रपत्रों की जांच के बाद पुलिस ने बस में बिठाया
महराजगंज/खनुआ। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शनिवार देर शाम इमिग्रेशन जांच पूर्ण कराकर एक महिला भटककर बॉर्डर के ही खनुआ गांव में पहुंच गई। सोनौली पुलिस ने महिला के प्रपत्रों की जांच के बाद उसे वाराणसी की बस में बिठा दिया।
जानकारी के अनुसार, यूक्रेन की रहने वाली ओक्साना (35) एक सप्ताह पहले बॉर्डर सोनौली के रास्ते लुंबिनी व अन्य क्षेत्रों के भ्रमण पर गई थी। शनिवार देर रात वह नेपाल के इसी बॉर्डर से वापस लौटी तो उसने इमिग्रेशन कार्यालय में वापसी की इंट्री कराते हुए डिपार्चर (आगमन की मुहर) कराया। इसके बाद वह भारतीय क्षेत्र में आगे बढ़ने की जगह बॉर्डर के भारतीय गांव खनुआ की तरफ चली गई।
खनुआ पहुंचने के बाद वह नेपाल की तरफ पगडंडी से बढ़ने लगी। सुनसान पगडंडियों की तरफ नेपाल जाते समय सोनौली पुलिस ने गश्त के दौरान उसे रोक लिया। मौके पर पुलिस ने उसके प्रपत्रों की जांच की और उसे सोनौली कोतवाली ले गई। कोतवाल महेंद्र मिश्रा ने बताया कि सोनौली पुलिस की जांच में ओक्साना का वीजा व पासपोर्ट सही मिला।
उसकी इंट्री के बाबत इमिग्रेशन कार्यालय से पूछताछ की गई तो पता चला कि उसने नेपाल से लौटने के दौरान अपनी इंट्री दर्ज कराई थी लेकिन इसके बाद वह राह भटकर खनुआ से नेपाल की तरफ वापस जाने लगी जबकि उसे वाराणसी जाना था। उच्चाधिकारियों को सूचना देकर उसे वापस भारतीय क्षेत्र वाराणसी के लिए रोडवेज बस से भेजा गया।
वर्जन
इमिग्रेशन जांच पूर्ण होने के बाद यूक्रेनी महिला नेपाल से वाराणसी के लिए निकली थी लेकिन रास्ता भटक गई। पुलिस ने इसके सभी प्रपत्र जांच की और इमिग्रेशन से पुष्टि के बाद उसे वाराणसी जाने वाली रोडवेज बस में बिठा दिया।
- बसंत सिंह, सीओ नौतनवां।