परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव से चार अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 19 वर्षीय युवती का 20 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। लापता युवती की मां ने आरोप लगाया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस शांत बैठ गई है।
लापता युवती की मां के अनुसार, चार अगस्त को उसकी 19 वर्षीय बेटी घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब बेटी का पता नहीं चला तो पुलिस से शिकायत की। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की लेकिन घटना के 20 दिन बीत जाने के बाद भी युवती का पता नहीं चल सका है।
पीड़िता मां का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले में शांत बैठ गई है। बेटी को तलाशने के लिए पुलिस की ओर से कोई ठोस प्रयास नहीं किया जा रहा है। हर बार उसे केवल आश्वासन ही मिल रहा है। इस बाबत एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में अजय पुत्र विनय निवासी चंदनचाफी, थाना पनियरा और उमेश पुत्र भुटेली निवासी कोटवा, थाना श्यामदेउरवां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवती की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। युवती को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।