संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवा। गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय पर नहीं हो रहा है। इससे ट्रेन के भरोसे सफर करने वाले यात्रियों को आवागमन में खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी रूट पर चलने वाली दो ट्रेनें अपने निर्धारित शेड्यूल से देर चलीं।
नौतनवा-गोरखपुर रूट पर चलने वाली ट्रेनों में 55070 नौतनवा-गोरखपुर सवारी गाड़ी मंगलवार को सुबह नौतनवा रेलवे स्टेशन से 9:40 बजे की जगह आधे घंटे की देरी से 10:10 बजे रवाना हुई। इसी तरह नकहा से 2:50 बजे चलकर नौतनवा आने वाली 55071 सवारी गाड़ी करीब दो घंटे की देरी से 5 बजे रवाना होकर 5:15 बजे की जगह 7 बजे नौतनवा रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
लिहाजा यह ट्रेन 6:55 बजे की जगह एक घंटे की देरी से करीब आठ बजे नौतनवा से नकहा को रवाना हो सकी।
ट्रेन के देरी से चलने के कारण कुछ यात्री अतिरिक्त धन खर्च कर निजी वाहन से रवाना हो गए, जबकि कुछ यात्री स्टेशन पर ही बैठकर ट्रेन का इंतजार करते रहे, जिसमें उनके समय की भी क्षति हुई।
यात्री सूरज कुमार, सर्वजीत सिंह, सुरेंद्र यादव, आशा देवी, प्रेमलता, रामसूरत, केपी यादव, अनिल जायसवाल, अनिरुद्ध कुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए ट्रेन का नियमानुसार संचालन कराने की मांग की। यात्रियों ने कहा कि शिकायत के बाद भी कोई सुधि लेने वाला नहीं है।
स्टेशन अधीक्षक नौतनवा जफरे आलम ने कहा कि यात्रियों को समस्या न झेलनी पड़े इसके लिए रेलवे प्रयासरत है। शाम वाली ट्रेन देर हो रही है, समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।